मंडला।
मध्य प्रदेश के मंडला जिले के बाड़ा स्थित बाला पीर धाम में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी 12 मई को विशाल धार्मिक आयोजन का आयोजन किया गया। इस आयोजन की शुरुआत सुबह से ही आध्यात्मिक माहौल में हुई, जहाँ श्रद्धालुजन गुरु महिमा पाठ और पूनम पाठ में सम्मिलित हुए। इसके बाद सात्विक चौका आरती का आयोजन हुआ, जिसमें भक्तों ने भक्ति भाव से भाग लिया।
कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षणों में से एक रही भव्य शोभायात्रा और कलश यात्रा। मठाधीश मंहत मंदारी दास जी को विशेष रूप से सजाए गए रथ में विराजमान कर नगर भ्रमण कराया गया। यात्रा मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा स्वागत, वंदन और अभिनंदन किया गया। वातावरण भक्ति और श्रद्धा से ओतप्रोत हो उठा।

शाम होते ही बाला पीर धाम में रात्रि जागरण का आयोजन हुआ, जिसमें त्रिवेणी साहू जी द्वारा कबीर साहेब जी के मधुर भजनों की संध्या प्रस्तुत की गई। इस भजन संध्या में कबीर पंथ के हजारों श्रद्धालु सम्मिलित हुए और उन्होंने भजनों के माध्यम से आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति प्राप्त की।
पूरे कार्यक्रम की सुदृढ़ व्यवस्था नवयुवक मंडल और महिला मंडल द्वारा संभाली गई। नवयुवक मंडल के अध्यक्ष मनोज बैरागी ने बताया कि यह आयोजन समाज को एकता, भाईचारा और आध्यात्मिक चेतना से जोड़ने का कार्य करता है। संत-मंहतों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की।
यह आयोजन कबीर पंथ की परंपरा, भक्ति और संस्कृति का सजीव उदाहरण बन गया, जिसे लंबे समय तक याद किया जाएगा।