शहडोल, 12 जुलाई — विनय की कलम से (8349627682)
इंसानियत और सेवा जब एक साथ चलें, तो करुणा की एक नई मिसाल कायम होती है। नंदी गौ सेवा धाम के सदस्यों ने शनिवार रात इसी भावना का परिचय दिया, जब उन्होंने गंभीर रूप से घायल गौ माता को समय रहते रेस्क्यू कर उसे नया जीवन दिया।
रात करीब 10 बजे सूचना मिली कि नटराज कॉलोनी स्थित झूलेलाल मंदिर के सामने एक गौ माता बुरी तरह घायल अवस्था में पड़ी है। मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि पैर से लगातार खून बह रहा था, और चोट इतनी पुरानी थी कि उसमें कीड़े तक लग चुके थे। दृश्य इतना पीड़ादायक था कि हर कोई भावुक हो उठा।
गौ सेवा धाम के सदस्य तुरंत सक्रिय हुए, लेकिन सबसे बड़ी समस्या थी वाहन का न मिल पाना। इतनी रात को न कोई लोडर मिल रहा था, न ऑटो, न कोई अन्य साधन। कई प्रयासों के बावजूद कोई वाहन उपलब्ध नहीं हो पाया।
तब नगर पालिका अध्यक्ष घनश्याम जायसवाल से संपर्क किया गया। उन्होंने मानवीय पहल करते हुए तत्काल वाहन उपलब्ध कराया। इसके बाद घायल गौ माता को सुरक्षित रूप से गाड़ी में लादकर गौशाला पहुंचाया गया, जहां तुरंत इलाज शुरू किया गया।
इस दौरान रेस्क्यू में पार्षद सिल्लू रजक, विकास जोतवानी, किशन यादव, रॉकी गुप्ता, दीपक निर्मल, कौशल गोले, शुभम सिंह और अन्य गौ सेवक सक्रिय रूप से मौजूद रहे। सभी ने मिलकर इस सेवा कार्य को सफल बनाया।
नंदी गौ सेवा धाम की यह पहल न केवल एक जानवर की जान बचाने का कार्य है, बल्कि यह समाज को यह भी दिखाती है कि करुणा, समर्पण और सामूहिक प्रयास से हर जीवन की रक्षा संभव है — चाहे वह इंसान हो या पशु।